अमेठी में विदाई को लेकर बवाल: दो पक्षों में खूनी संघर्ष, कई लोग गंभीर रूप से घायल

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां बहू की विदाई को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. यह घटना शिवरतनगंज थाना क्षेत्र की है, जहां दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई. इस मारपीट में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने कुछ लोगों को बंधक बनाकर लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। इस हमले में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. घायलों के सिर और नाक पर एक दर्जन से अधिक टांके लगाए गए हैं, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
घायलों का इलाज जारी है
घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक कुछ लोगों की हालत गंभीर है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है. इस घटना को लेकर परिजनों में गुस्सा और चिंता दोनों है.
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया
पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई. इससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया है और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस का पक्ष और जांच
पुलिस का कहना है कि मामला एकतरफा नहीं है. पुलिस के मुताबिक शिकायत करने वाला पक्ष वही था जो दूसरे पक्ष के घर गया था और मारपीट में शामिल था. इस आधार पर थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
(रिपोर्ट:बृजेश मिश्र,अमेठी)
