Breaking News
अमेठी में 25 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी सफलता

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में अपराधियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. प्रदेश में लागू जीरो टॉलरेंस नीति के तहत वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है. इस कार्रवाई के दौरान अमेठी पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी मनोज उर्फ ​​रामदत्त को गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है.

शिवरतनगंज पुलिस ने नैया पुल के पास से पकड़ा
यह गिरफ्तारी शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के नैया पुल के पास से हुई. थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहनगंज थाना क्षेत्र के उजेहनी मजरे रास्ता मऊ निवासी सुरेश के पुत्र मनोज उर्फ ​​रामदत्त के रूप में हुई है।

कई संगीन मामलों में वांछित था
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मनोज उर्फ ​​रामदत्त एक शातिर और दुस्साहसी अपराधी है. उसके खिलाफ अमेठी के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वह काफी समय से फरार था, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.

पुलिस टीम की तत्परता से मिली सफलता
इस सफल ऑपरेशन में थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्रा सहित हेड कांस्टेबल अखिलेश तिवारी, हेड कांस्टेबल आशीष यादव और कांस्टेबल अभिमन्यु की अहम भूमिका रही. पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली. इस उपलब्धि की जिले भर में सराहना हो रही है।

गिरफ्तारी के बाद जेल भेज दिया गया
मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर जेल भेजा जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.

(रिपोर्ट:बृजेश मिश्र,अमेठी)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *