अयोध्या एयरपोर्ट पर मनाया गया स्थापना दिवस, यात्रियों के साथ बांटी खुशियां

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की स्थापना के उपलक्ष्य में महर्षि वाल्मिकी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या धाम पर स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें एयरपोर्ट प्रशासन ने कई नई सुविधाओं के बारे में जानकारी दी. यात्रियों के साथ केक काटकर और उन्हें फूल और चॉकलेट देकर खुशियां बांटकर दिन को खास बनाया गया.
AAI का गठन 1995 में हुआ था
बताया गया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का गठन 1 अप्रैल 1995 को हुआ था। इसी के उपलक्ष्य में हर साल स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर कर्मचारियों के बीच एयरपोर्ट अथॉरिटी के चेयरमैन का संदेश भी पढ़ा गया, जिसमें संगठन की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला गया.
यात्रियों के लिए नई सुविधाएं शुरू हुईं
अयोध्या एयरपोर्ट पर अब सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए मुफ्त वाई-फाई सेवा शुरू कर दी गई है। इसके अलावा गर्मी को देखते हुए पार्किंग और एयरपोर्ट परिसर में आरओ वाटर कूलर की भी व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को ठंडा और साफ पानी मिल सके.
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा
‘अवसर’ योजना के तहत स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को हवाई अड्डे पर विशेष स्थान दिया गया है। यहां वे अयोध्या और उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पाद बेच सकेंगे। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और यात्रियों को भी स्थानीय चीजें खरीदने का मौका मिलेगा।
बच्चों के लिए सस्ता कैफे और खेल क्षेत्र
जल्द ही एयरपोर्ट पर एक कैफे शुरू किया जाएगा, जहां 10 रुपये में चाय, 20 रुपये में समोसा और 10 रुपये में पानी की बोतल मिलेगी। इसके अलावा बच्चों के लिए प्ले एरिया भी बनाया जा रहा है, ताकि परिवार के साथ यात्रा करने वालों को सुविधा मिल सके।
अनूठी लाइब्रेरी सुविधा भी शुरू की जाएगी
एयरपोर्ट पर एक अनोखी लाइब्रेरी सुविधा शुरू की जा रही है. यात्री विमान में पढ़ने के लिए यहां से किताब ले सकते हैं और अपने गंतव्य हवाई अड्डे पर उसे वापस कर सकते हैं।
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
