अयोध्या में भीषण सड़क हादसा: NH-27 पर ट्रेलर से टकराई डबल डेकर बस, ड्राइवर समेत दो घायल

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रुदौली इलाके में नेशनल हाईवे 27 पर डबल डेकर बस और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर से अफरा-तफरी मच गई. हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर चीख-पुकार मच गई. इस दुर्घटना में बस चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गये. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और जांच शुरू कर दी.
सुबह ओवरब्रिज पर हुआ हादसा
यह घटना रुदौली कोतवाली क्षेत्र के रौजागांव ओवरब्रिज पर सुबह करीब छह बजे हुई. जानकारी के मुताबिक, एक डबल डेकर बस तेज रफ्तार में थी और उसने आगे चल रहे ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में बस चालक मथुरा जिले के सोहागपुर निवासी सुरेश कुमार और मैनपुरी के नगला भवानी निवासी परिचालक ब्रिजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल, अयोध्या रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मोर्चा संभाला
घटना की जानकारी मिलते ही रुदौली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना कर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि हादसा बस के पीछे से ट्रेलर से टकराने के कारण हुआ.
जांच जारी, कारणों की जांच
फिलहाल पुलिस इस हादसे के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे के पीछे वजह तेज रफ्तार थी या लापरवाही। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की है.
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
