अयोध्या में सौहार्द और शांति के साथ मनाया गया ईद-उल-फितर, कड़ी सुरक्षा के बीच जुटी भीड़

इस बार अयोध्या में ईद-उल-फितर का त्योहार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया. सुबह से ही शहर के विभिन्न ईदगाहों व मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ देखी गयी. सिविल लाइन ईदगाह में खास तौर पर बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने आये. मौसम की हल्की खराबी के बावजूद भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और सभी ने मिलकर शांति और भाईचारे के साथ इस पवित्र त्योहार को मनाया.
सिविल लाइन ईदगाह में भारी भीड़ जुटी
सिविल लाइंस स्थित ईदगाह पर सुबह से ही नमाजियों का आना शुरू हो गया था। कुछ ही देर में पूरा मैदान लोगों से भर गया. नमाज में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर एकता और भाईचारे का संदेश दिया. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरे इलाके में खुशी का माहौल बन गया.
पुलिस और प्रशासन की सख्त व्यवस्था
पुलिस और प्रशासन ने त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये थे. जगह-जगह पुलिस बल तैनात किये गये थे और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी. प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी व्यवस्था पर नजर रखते रहे, ताकि कहीं कोई अव्यवस्था न हो.
जनप्रतिनिधियों ने दी ईद की मुबारकबाद
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और पवन पांडे भी ईदगाह पहुंचे. उन्होंने नमाजियों से मुलाकात कर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की. उनकी मौजूदगी से लोगों में काफी उत्साह था.
इमाम ने शांति की दुआ की
नमाज के बाद शहर इमाम मौलाना समसुल कादरी ने देश-दुनिया में अमन-चैन की दुआ करायी. उन्होंने कहा कि आज के समय में सभी देशों के बीच शांति और संतुलित नीतियों की जरूरत है, ताकि पूरी दुनिया में भाईचारा बना रहे.
नगर निगम ने व्यवस्था संभाली
ईद के मौके पर नगर निगम ने साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा. ईदगाह एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयीं। अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे, जिसके चलते कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
(रिपोर्ट:अनूप कुमार, अयोध्या)
