उत्तराखंड: मुख्यमंत्री ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से की मुलाकात, हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के लिए 325 करोड़ की सहायता का अनुरोध
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर हरिद्वार शहर में गंगा कॉरिडोर क्षेत्र से संबंधित लगभग 325 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया. मुख्यमंत्री ने आगामी कुम्भ-2027 के दृष्टिगत केन्द्रीय मंत्री से इस परियोजना के अन्तर्गत विद्युत लाइनों को भूमिगत करने एवं सिस्टम ऑटोमेशन हेतु प्रथम चरण में 325 करोड़ रूपये की धनराशि तत्काल स्वीकृत करने तथा द्वितीय चरण के अन्तर्गत शेष लगभग 425 करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
हरिद्वार एवं ऋषिकेश में आगामी कुम्भ-2027 की तैयारियों के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार से हरिद्वार में घाटों के सौन्दर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं शहरी अवस्थापना विकास हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा, इन कार्यों से प्रदेश में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। क्षेत्रीय परिवहन को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजना को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने का अनुरोध किया और देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर के विकास का भी अनुरोध किया, ताकि इन शहरों के बीच आवागमन को सुविधाजनक बनाया जा सके।
उत्तराखंड: सरकार ने जारी की जिम्मेदारियों की दूसरी सूची, सात और लोगों को सौंपी गई जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा, इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में सड़क यातायात पर निर्भरता कम होगी, ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और पर्यावरण की दृष्टि से भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. उन्होंने कहा, यह पहल उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थ स्थलों को आधुनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़कर क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन और समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगी। केन्द्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खटटर ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
