उत्तराखंड: विवादों में रहने वाली उर्मीला सनावर एक बार फिर कानूनी पचड़े में, दून में FIR दर्ज
सोशल मीडिया पोस्ट के कारण विवादों में रहने वालीं उर्मिला सनावर एक बार फिर कानूनी पचड़े में आ गई हैं। इस बार उनके खिलाफ देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
मोथरोवाला चौक निवासी आरती गौड़ ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि गोविंद नगर, सहारनपुर निवासी उर्मिला सनावर ने अपनी फेसबुक और इंस्टा आईडी के जरिए लगातार उनके खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट कीं।
अनजान लोगों से लगातार कॉल और धमकियां मिलने लगीं
शिकायत के मुताबिक, उर्मिला सनावर ने न सिर्फ आरती गौड़ की सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, बल्कि लोगों को उनके खिलाफ भड़काने की भी कोशिश की. आरती ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि सनावर ने फेसबुक पर अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद उन्हें अज्ञात लोगों से लगातार कॉल और धमकियां मिलने लगीं।
आरती ने पुलिस को बताया कि वह इस पूरी घटना से मानसिक रूप से परेशान है और असुरक्षित महसूस कर रही है. उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।
