उत्तराखंड समाचार: धामी कैबिनेट का आज होगा विस्तार, भरत सिंह चौधरी, खजानदास समेत ये मंत्री लेंगे शपथ
आज शुभ मुहूर्त में धामी कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा. आज शुक्रवार को नवरात्र के दूसरे दिन लोकभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरुमीत सिंह (सेनि) नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे. फिलहाल कैबिनेट में पांच मंत्रियों के पद खाली हैं, जिनमें नए मंत्रियों की ताजपोशी होगी.
रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी, राजपुर विधायक खजानदास, कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया मंत्री पद की शपथ लेंगे. इसके अलावा दो नाम हरिद्वार और नैनीताल से हैं। ताजपोशी के लिए नए चेहरों का चयन विधायकों के पिछले चार साल के कामकाज के रिकॉर्ड को देखने के बाद किया गया है. नए मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और जातिगत समीकरणों के बीच संतुलन बनाया गया.
राज्य में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं चल रही थीं. कैबिनेट विस्तार को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व से कई दौर की बातचीत हो चुकी है. सरकार और संगठन के बीच कैबिनेट विस्तार का होमवर्क पूरा होने के बाद इसके लिए नवरात्रि का शुभ समय चुना गया.
