ऋषिकेश: श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की पहल, अब एक क्लिक पर मिलेंगे वेद-उपनिषद, ‘प्रज्ञानम’ एआई चैटबॉट तैयार – वेद उपनिषद अब बस एक क्लिक दूर प्रज्ञानम एआई चैटबॉट तैयार श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की पहल
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक से जोड़कर एक अभिनव पहल की है। यूनिवर्सिटी ने प्रज्ञानम नाम से एक एआई चैटबॉट बनाया है। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म अब वेदों, उपनिषदों और प्राचीन विज्ञान से जुड़े ज्ञान को छात्रों, शोधकर्ताओं और आम लोगों के लिए सरल और सुलभ बना रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि वर्तमान में लगभग सभी पाठ्यक्रमों में भारतीय ज्ञान परंपरा के शामिल होने के बाद ‘प्रज्ञानम’ छात्रों के लिए एक उपयोगी उपकरण साबित होगा, जिससे जटिल विषयों को समझने में आसानी होगी। यह चैट बॉक्स श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के पीएलएमएस परिसर में बीसीए विभाग के शिक्षकों द्वारा तैयार किया गया है।
टीम समन्वयक डॉ. गौरव वाष्णेय ने बताया कि राज्यपाल ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों को एक विशिष्ट विषय पर कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी है। जिसके तहत श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय को भारतीय ज्ञान परंपरा विषय मिला है। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए, विश्वविद्यालय ने एक राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आयोजित किया और शोध पत्रों पर आधारित एक पुस्तक भी प्रकाशित की, जिसने एक व्यापक और प्रामाणिक डेटा बेस तैयार किया।
डॉ. वाष्णेय ने कहा कि लगभग एक साल के निरंतर प्रयासों के बाद, इस शोध-आधारित सामग्री पर प्रज्ञानम एआई चैटबॉट विकसित किया गया था। यह चैटबॉट वेदों, उपनिषदों, प्राचीन गणित, खगोल विज्ञान, ज्योतिष और अन्य पारंपरिक ज्ञान से संबंधित प्रश्नों के प्रामाणिक और शोध-आधारित उत्तर प्रदान करता है। इसकी खासियत यह है कि यह न केवल लिखित रूप में उत्तर देता है, बल्कि मौखिक रूप से भी उत्तर देता है।
