गोमती नगर में शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान हंगामा, बीजेपी विधायक ओपी श्रीवास्तव से मांगा गया जवाब

लखनऊ के गोमती नगर के विनयखंड इलाके में एक शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब समाजवादी वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए. इस कार्यक्रम में लखनऊ पूर्वी से बीजेपी विधायक ओपी श्रीवास्तव हिस्सा लेने पहुंचे थे. मोर्चा कार्यकर्ताओं ने विधायक से यूजीसी से जुड़े मुद्दे पर बयान देने की मांग की. हालांकि, विधायक ने उस वक्त कोई जवाब नहीं दिया और बाद में कार्यक्रम छोड़कर चले गए. इस घटना के बाद कुछ देर के लिए तनाव का माहौल हो गया.
यूजीसी मुद्दे पर मांगा बयान
जानकारी के मुताबिक, सामान्य वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता यूजीसी से जुड़े एक मुद्दे को लेकर विधायक से सवाल पूछना चाहते थे. विधायक जब कार्यक्रम में पहुंचे तो मोर्चा कार्यकर्ता उनके बयान की मांग करने लगे. मौके पर जवाब देने की बजाय विधायक ओपी श्रीवास्तव ने कहा कि इस विषय पर बाद में उनके घर आकर चर्चा की जा सकती है. इसके बाद वे वहां से चले गये. कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे जहां भी विधायक से मिलेंगे, उनसे इस मुद्दे पर सवाल पूछेंगे.
संयोजक संदीप सिंह के नेतृत्व में समर्थक पहुंचे
बताया जा रहा है कि मोर्चा संयोजक संदीप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे. कार्यकर्ताओं ने वहां जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे अपने सवालों का जवाब चाहते हैं और इसके लिए वे विधायक से खुलकर बात करना चाहते हैं. हंगामे के कारण कार्यक्रम का माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया.
पुलिस ने सुरक्षा कारणों से रोक दिया
विधायक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद थी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मोर्चा के कुछ पदाधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से रोक दिया. पुलिस ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की अराजकता या सुरक्षा बाधा नहीं होने दी जाएगी. इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गयी. इस पूरी घटना के बाद इलाके में इस मुद्दे को लेकर चर्चा हो रही है और लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
