चारधाम यात्रा: मॉक ड्रिल आज, प्रशासन अलर्ट, आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज, शून्य जनहानि का लक्ष्य – चारधाम यात्रा से पहले मॉक ड्रिल आज, प्रशासन अलर्ट उत्तराखंड समाचार हिंदी में
चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित आपदाओं से निपटने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के निर्देश पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। तैयारियों को परखने के लिए आज शुक्रवार को मॉक ड्रिल किया जाएगा.
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि मॉक ड्रिल के लिए जिले को नौ जोन और 23 सेक्टर में बांटा गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जीआईएस मैपिंग और संसाधनों का सटीक आकलन आपदा के समय त्वरित कार्रवाई करने में सहायक होगा. इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम के तहत सेक्टर स्तर तक जिम्मेदारियां तय की गई हैं। प्रशासन ने शून्य जनहानि का लक्ष्य रखा है और सभी एजेंसियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं.
एसडीएम ने अधिकारियों की बैठक में तैयारियों की समीक्षा की
कीर्तिनगर में उप जिलाधिकारी मंजू राजपूत ने विकासखंड के सभी विभागों के अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की. बैठक में उप जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने में अब कम समय बचा है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि बदरीनाथ धाम व केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
उन्होंने कहा कि टिहरी गढ़वाल जिला चारधाम यात्रा का मुख्य प्रवेश द्वार है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं दुरुस्त रहना बहुत जरूरी है। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों को सड़कों पर गड्ढों को तत्काल भरने, जल संस्थान व पेयजल निगम को यात्रा मार्ग पर पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सेवाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिये।
ये भी पढ़ें…उत्तराखंड: डॉलर के कारण महंगा हुआ सोलर, आयोग ने इस वित्तीय वर्ष के लिए जारी किया ड्राफ्ट, मांगे सुझाव
प्रशासनिक तैयारियों को परखने के लिए आज मलेथा मुख्य चौराहे से नए पुल होते हुए कीर्तिनगर तक मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा. इस अभ्यास में सभी विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
