चारधाम यात्रा: सिर्फ 17 दिन बचे, हाईवे पर खतरा, अस्पताल लाचार और सुविधाएं नदारद, पढ़ें अमर उजाला ग्राउंड रिपोर्ट – चारधाम यात्रा 17 दिन शेष, कई स्थानों पर सड़क किनारे लगे मलबे के ढेर, हाईवे पर खतरे
ऋषिकेश से देवप्रयाग की दूरी लगभग 75 किमी है। चारधाम यात्रा शुरू होने में अब महज 17 दिन बचे हैं लेकिन तैयारियों के दावे जमीन पर नजर नहीं आ रहे हैं. बदरीनाथ हाईवे पर ऋषिकेश से देवप्रयाग तक 31 भूस्खलन जोन सक्रिय हैं, जिनका ट्रीटमेंट कार्य अभी भी अधूरा है। कई जगहों पर सड़क किनारे मलबा जमा है और खुद विभाग का मानना है कि दिसंबर तक काम चलेगा. वहीं, हाईवे पर स्वास्थ्य, पेयजल और सार्वजनिक शौचालय की सुविधाएं भी पर्याप्त नहीं हैं।
ऋषिकेश से कौडियाला
ऋषिकेश से कौड़ियाला की दूरी करीब 35 किमी है, इस दायरे में तीन स्थानों पर भूस्खलन जोन का ट्रीटमेंट कार्य चल रहा है। सड़क के दोनों ओर 100 से 200 मीटर तक जगह-जगह मलबा बिखरा हुआ है. विभाग 10 दिन के भीतर मलबा हटाने का दावा कर रहा है, लेकिन जमीनी हालात से साफ है कि मलबा हटाना विभाग के लिए कड़ी चुनौती है।
तपोवन, नीरगड्डू, शिवपुरी, गूलर, ब्यासी और कौड़ियाला प्रमुख पड़ाव हैं। इन सभी प्रमुख पड़ावों पर पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय और पेयजल की सुविधा भी पर्याप्त नहीं है. देवप्रयाग से पहले कोई स्वास्थ्य केन्द्र नहीं है। कौड़ियाला से 20 किमी दूर पावकी देवी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तो उपलब्ध है, जो लिंक रोड से जुड़ा है, लेकिन यहां डॉक्टरों सहित अन्य सभी स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है।
