चार धाम यात्रा: सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम, धर्मस्थलों पर एटीएस तैनात, यूट्यूबर्स रहेंगे निगरानी में
चारधाम यात्रा मार्ग और धाम परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) भी तैनात किया जाएगा। इसके अलावा धाम परिसर में आने वाले यूट्यूबर्स और ब्लॉगर्स भी पुलिस की निगरानी में रहेंगे. इस संबंध में डीजीपी दीपम सेठ ने पुलिस अधिकारियों को एसओपी का पालन करने का निर्देश दिया है.
यात्रा से पहले धाम और रूट का निरीक्षण करने के लिए दो एडीजी और चार आईजी की ड्यूटी लगाई गई है. आईजी गढ़वाल को चारधाम यात्रा का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस चारधाम यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस की ओर से सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में सभी पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक हुई. इसमें सभी तैयारियों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए.
यात्रा से पहले एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी मुरुगेशन गंगोत्री धाम, एडीजी एपी अंशुमन बद्रीनाथ धाम, आईजी विम्मी सचदेवा हरिद्वार, आईजी एसटीएफ डॉ. नीलेश आनंद भरणे केदारनाथ धाम, आईजी अनंत शंकर ताकवाले यमुनोत्री धाम और आईजी सुनील कुमार मीना ऋषिकेश, लक्ष्मण झूला और मुनि की रेती का निरीक्षण करेंगे. ये सभी अधिकारी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थल, भीड़ प्रबंधन, पड़ाव स्थल, टोकन प्रणाली, पंजीकरण केंद्र और पुलिस बल के ठहरने के स्थान आदि की तैयारियों का जायजा लेंगे।
यात्रा मार्ग को सुरक्षित बनाने और व्यवस्थाओं को परखने के लिए एटीएस टीमों के साथ मॉक ड्रिल भी आयोजित की जाएगी. डीजीपी ने कहा कि संभावित खतरों को कम करने के लिए बॉटल नेक, लैंड स्लाइड जोन आदि की पहचान की गयी है. यातायात नियंत्रण को और मजबूत करने के लिए मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग के साथ-साथ आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
