डिप्टी सीएम ब्रिजेश पाठक ने फतेहपुर में विपक्ष पर बोला हमला, ईवीएम और महिला आरक्षण पर दिया बड़ा बयान

उत्तर प्रदेश के फ़तेहपुर दौरे पर पहुंचे ब्रिजेश पाठक ने कई अहम मुद्दों पर बयान देते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला. इस दौरान उन्होंने टीवी हॉस्पिटल काउंसिल स्थित रेड क्रॉस भवन का भी उद्घाटन किया. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव, ईवीएम, पंचायत चुनाव और महिला आरक्षण बिल जैसे विषयों पर अपनी राय रखी. उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर महिलाओं की प्रगति में बाधक बनने का आरोप भी लगाया और बीजेपी की नीतियों की सराहना की.
ईवीएम मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना साधा
डिप्टी सीएम ब्रिजेश पाठक ने कहा कि विपक्षी दलों का रवैया दोहरा है. जब वे चुनाव जीतते हैं तो उन्हें ईवीएम सही लगती है, लेकिन जैसे ही वे हार जाते हैं तो वे उसी ईवीएम पर सवाल उठाना शुरू कर देते हैं। उन्होंने इसे विपक्ष द्वारा अपनी हार छुपाने का बहाना बताया.
पंचायत चुनाव समय पर कराने का भरोसा
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव तय समय पर ही कराए जाएंगे. सरकार इसके लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने यह भी कहा कि जो भी मामले कोर्ट में लंबित हैं, उनका जल्द ही निपटारा किया जायेगा.
महिला आरक्षण बिल को ऐतिहासिक कदम बताया
महिला आरक्षण बिल पर पूछे गए सवाल के जवाब में ब्रिजेश पाठक ने कहा कि यह बिल 16, 17 और 18 तारीख को आएगा. उन्होंने कहा कि फतेहपुर की बहनें सड़कों पर उतरकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद दे रही हैं. उन्होंने नारी शक्ति वंदन कानून को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को संसद और विधानसभा में बैठने का मौका मिलेगा.
विपक्ष पर महिलाओं की प्रगति रोकने का आरोप
ब्रिजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि ये पार्टियां हमेशा महिलाओं की प्रगति में बाधा बनती रही हैं, जबकि बीजेपी उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है.
अखिलेश यादव पर भी पलटवार किया
उन्होंने अखिलेश यादव के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछली सरकारों में गुंडों और माफियाओं का बोलबाला था, लेकिन अब अपराधी या तो जेल में हैं या फिर प्रदेश छोड़ चुके हैं.
विकास के मुद्दे पर बहस की चुनौती
अंत में उन्होंने विपक्ष को विकास के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी और दावा किया कि आने वाले चुनाव में बीजेपी को भारी जीत मिलेगी.
(रिपोर्ट: संदीप शुक्ला, लखनऊ)
