दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, बजट सत्र के दौरान मची अफरा-तफरी

दिल्ली में उस वक्त हड़कंप मच गया जब बजट सत्र के दौरान दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली. यह धमकी विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को एक ईमेल के जरिए भेजी गई थी. ईमेल में न सिर्फ विधानसभा बल्कि दिल्ली मेट्रो स्टेशन को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी. धमकी में कई बड़े नेताओं के नाम भी बताए गए हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत जांच शुरू कर दी है और पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
ईमेल में दी गई गंभीर धमकी
मिली जानकारी के मुताबिक धमकी भरा ईमेल सीधे विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भेजा गया था. इसमें साफ लिखा था कि दिल्ली विधानसभा और मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा. इसके साथ ही ”दिल्ली बनेगी खालिस्तान” जैसे संवेदनशील शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.
कई बड़े नेताओं के नाम का जिक्र
इस ईमेल में कई बड़े नेताओं के नाम भी शामिल हैं. इनमें उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम लिया गया है. इन नामों के सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच शुरू!
धमकी मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. मेट्रो स्टेशनों पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है. पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है और साइबर टीम भी जांच में जुटी है.
बजट सत्र के बीच बढ़ी चिंता
यह धमकी ऐसे वक्त आई है जब दिल्ली विधानसभा में बजट सत्र चल रहा है. ऐसे में सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
(रिपोर्ट: संदीप शुक्ला, लखनऊ)
