Breaking News
प्रतापगढ़ के तेजगढ़ गांव में अवसान माता पूजा महोत्सव, 5001 महिलाओं ने की पूजा

प्रतापगढ़ जिले के लीलापुर थाना क्षेत्र के तेजगढ़ गांव में अवसान माता पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया. इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और पूरे विधि-विधान से देवी मां की पूजा-अर्चना की. कार्यक्रम के दौरान दुरदुरिया अनुष्ठान का भी आयोजन किया गया, जिसमें कुल 5001 महिलाओं ने भाग लिया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं विश्व शांति के लिए देवी मां से प्रार्थना की. धार्मिक माहौल के बीच गांव व आसपास की महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं. पूरे आयोजन के दौरान माहौल पूरी तरह से भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालु देवी मां की भक्ति में लीन दिखे.

दुरदुरिया कार्यक्रम में 5001 महिलाओं ने भाग लिया
महोत्सव के दौरान आयोजित दुरदुरिया कार्यक्रम में 5001 महिलाओं ने एक साथ बैठकर विधि विधान से अवसान माता की पूजा की. महिलाओं ने अपने परिवार की खुशहाली, समाज में शांति और विश्व में शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान धार्मिक गीत और भजन भी गाए गए, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी भक्तिमय हो गया. बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा पहनकर पहुंचीं, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ गई.

जन प्रतिनिधियों ने भी देवी मां के दरबार में मत्था टेका
कार्यक्रम में कई जन प्रतिनिधि और नेता भी शामिल हुए. इस मौके पर बीजेपी विधायक राजेंद्र मौर्य, बीजेपी जिला अध्यक्ष हरिओम श्रीवास्तव समेत कई बीजेपी नेता और क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि मौजूद रहे. सभी ने देवी मां के समक्ष नतमस्तक होकर क्षेत्र की खुशहाली, समाज की उन्नति और देश की उन्नति की प्रार्थना की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी इस धार्मिक आयोजन की सराहना की.

यह आयोजन सात वर्षों से लगातार हो रहा है
इस आयोजन की जानकारी देते हुए भाजपा नेत्री तिरूपति प्रतिभा सिंह ने बताया कि तेजगढ़ गांव में पिछले सात वर्षों से लगातार अवसान माता पूजा एवं दुरदुरिया कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. हर साल इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल होती हैं और पूरी श्रद्धा के साथ देवी मां की पूजा करती हैं. उन्होंने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम बन गया है.

विश्व शांति एवं विकसित भारत के लिए प्रार्थना
तिरूपति प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस वक्त दुनिया के कई हिस्सों में अशांति का माहौल है. ऐसे समय में इस धार्मिक आयोजन के जरिये विश्व में शांति, भाईचारा और सद्भाव की कामना की गयी. महिलाओं ने देवी मां से वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित एवं मजबूत राष्ट्र बनाने की प्रार्थना भी की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सम्मानजनक माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *