Breaking News
फ़तेहपुर में गंगा स्नान करने गये तीन छात्र डूबे, एक की मौत से मचा हड़कंप

फ़तेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ओम घाट में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया. यहां गंगा नदी में नहाने गये इंटरमीडिएट के तीन छात्र गहरे पानी में चले जाने से डूब गये. आसपास मौजूद लोगों ने जब उनकी चीख सुनी तो तुरंत स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया. काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तीनों को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने एक छात्र को मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद परिवार और इलाके में शोक का माहौल है.

नहाते समय छात्र गहरे पानी में चले गये
जानकारी के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के पानी मोहल्ला निवासी धर्मेंद्र का 20 वर्षीय बेटा सनी अपने दो दोस्तों हिमांशु और प्रिंस के साथ गंगा नदी में नहाने गया था. बताया जा रहा है कि हिमांशु और प्रिंस वर्मा चौराहा इलाके के रहने वाले हैं. ओम घाट पर नहाते समय तीनों दोस्त धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए। अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और तीनों नदी में डूबने लगे.

गोताखोरों ने बचाई दो छात्रों की जान
घटना के वक्त घाट पर मौजूद लोगों ने बच्चों की आवाज सुनी और तुरंत मदद के लिए दौड़े. स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया. उनकी मदद से दो छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, एक छात्र गहरे पानी में डूब गया. बाद में उसे भी बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया.

अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया
पुलिस तीनों छात्रों को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने सनी को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में मातम छा गया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

परीक्षा खत्म होने के बाद दोस्त घूमने निकले थे
परिजनों के मुताबिक तीनों छात्र इंटरमीडिएट में पढ़ते थे और एक साथ पढ़ाई करते थे. हाल ही में उसकी परीक्षाएं खत्म हुई थीं. रविवार दोपहर तीनों दोस्त बाइक से घूमने के लिए घर से निकले थे। परिजनों का कहना है कि उन्हें नहीं पता था कि तीनों गंगा नदी के ओम घाट तक पहुंच जायेंगे. नहाने के दौरान ये दर्दनाक हादसा हुआ. इस घटना के बाद इलाके में मातम और गम का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *