बदायूँ में युवक ने सांप को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला, वीडियो वायरल होने पर वन विभाग ने दर्ज किया केस.

बदायूँ जिले में एक युवक द्वारा सांप को बेरहमी से मारने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद वन विभाग और पुलिस हरकत में आ गई है. बताया जा रहा है कि युवक ने सांप को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला और फिर उसका सिर कुचल दिया. इतना ही नहीं, सांप के मरने के बाद उसने उसे वहां मौजूद बच्चों की तरफ फेंक दिया, जिससे बच्चे डरकर भागने लगे. इस घटना के सामने आने के बाद वन विभाग ने युवक के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है.

पूरी घटना मीरा सराय गांव की है
यह घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मीरा सराय गांव की बताई जा रही है. बुधवार को गांव में झाड़ियों से अचानक एक सांप निकल आया. उस समय वहां कुछ बच्चे खेल रहे थे. जैसे ही बच्चों ने सांप को देखा तो वे डर के मारे चिल्लाने लगे. बच्चों की आवाज सुनकर गांव का रहने वाला आमिर लाठी लेकर वहां पहुंच गया। उसने आते ही सांप पर लाठियों से वार करना शुरू कर दिया.

सांप का सिर कुचलकर मार डाला
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, आमिर सांप को लाठियों से मारता रहा। उसने सांप के सिर को डंडे से कुचल दिया और उसे तब तक पकड़कर रखा जब तक वह मर नहीं गया। वीडियो में भी साफ दिख रहा है कि युवक बार-बार सांप पर वार कर रहा है. जब सांप मर गया तो आमिर ने उसे उठाकर तमाशा देख रहे बच्चों की तरफ फेंक दिया. सांप को अचानक अपनी ओर आता देख बच्चे डर गए और वहां से भाग गए।

बाद में सांप को जला दिया गया
घटना के बाद सांप के शरीर को जला दिया गया. जब तक वन विभाग की टीम गांव पहुंची तब तक सांप पूरी तरह जल चुका था. इस कारण विभाग को सांप का कोई अवशेष तो नहीं मिला, लेकिन वीडियो के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई।

सांप गैर विषैली प्रजाति का था
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सांप जहरीला नहीं था। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह चेकर्ड कीलबैक प्रजाति का सांप था, जिसे एशियन वॉटर स्नेक के नाम से भी जाना जाता है। यह सांप आमतौर पर एशिया के कई हिस्सों में पाया जाता है और इसे एक गैर विषैला सांप माना जाता है जो ज्यादातर पानी के आसपास रहता है।

वन विभाग ने दर्ज कराया मुकदमा
इस मामले में वन रेंजर विकास वरुण
बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को गांव भेजा गया। हालांकि, वहां पहुंचने तक सांप जल चुका था। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *