Breaking News
बाराबंकी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, बड़ी बहन ने प्रेमी के साथ मिलकर की मासूम बहन की हत्या.

बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा और इंसानियत दोनों को झकझोर कर रख दिया है. मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसारी गांव में 11 साल की मासूम अनुष्का की मौत अब एक सोची-समझी साजिश और हत्या साबित हो गई है। सबसे चौंकाने वाली बात तो ये है कि इस वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि उसकी अपनी बड़ी बहन और उसका प्रेमी निकला. पुलिस ने 24 घंटे के अंदर मामले को सुलझा लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

कैसे शुरू हुआ मामला?
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक की 18 वर्षीय बड़ी बहन काजल का पड़ोसी गांव के 20 वर्षीय शिवम से प्रेम संबंध था। दोनों की पहचान करीब दो महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी. होली के आसपास काजल के पिता को इस रिश्ते के बारे में पता चला, जिसके बाद उन्होंने काजल का मोबाइल तोड़ दिया और उसे शिवम से दूर रहने को कहा. इसके बावजूद काजल चोरी-छिपे उसके संपर्क में रही।

उस मासूम बच्चे ने सच देख लिया था
घटना वाले दिन अनुष्का अन्य बच्चों के साथ खेत में मेंथा रोपने गई थी। उसी समय काजल और शिवम पास के खेत में मिल रहे थे. तभी अनुष्का वहां पहुंची और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया. अनुष्का ने अपनी बहन से कहा कि वह घर जाकर अपने पिता को सब कुछ बताएगी।

राज छुपाने के लिए उठाया खौफनाक कदम
राज खुलने के डर से काजल और शिवम ने मिलकर एक बेहद खौफनाक फैसला लिया. दोनों ने मिलकर 11 साल की अनुष्का की गला दबाकर हत्या कर दी. घटना के बाद खुद को बचाने के लिए काजल ने अनुष्का के लापता होने का नाटक किया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की.

पुलिस ने 24 घंटे में केस सुलझा लिया
घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें काजल पुलिस के सामने रोती और अनजान बनने का नाटक करती नजर आई। लेकिन पुलिस को उसके बयानों में विरोधाभास मिला. कड़ी पूछताछ के बाद काजल और शिवम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

इलाके में सदमे का माहौल
इस घटना के बाद पूरे गांव में सदमे और गुस्से का माहौल है. लोग इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि एक बड़ी बहन अपने प्रेम संबंध को बचाने के लिए अपनी ही छोटी बहन की हत्या कर सकती है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *