Breaking News
बिजनौर में RSS जिला कार्यवाह के घर पर हमला, दो आरोपी हिरासत में; इलाके में तनाव

बिजनौर जिले में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के जिला कार्यवाह विपिन चौहान के घर पर हमले की खबर सामने आई। यह घटना सुबह करीब तीन बजे धामपुर तहसील क्षेत्र में हुई. आरोप है कि दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुटने लगे.

घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप
जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने कथित तौर पर घर में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचाया और परिवार के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार भी किया. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर दूसरे समुदाय के थे और उन्होंने जानबूझकर घर में घुसकर हमला किया. घटना के बाद आसपास के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की.

हिंदू संगठनों में भारी नाराजगी
इस घटना के बाद कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा है. बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। कुछ लोगों ने प्रशासन से यह भी मांग की कि दोषियों के खिलाफ बुलडोजर जैसी सख्त कार्रवाई की जाए. हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी ताकि माहौल ज्यादा तनावपूर्ण न हो.

पुलिस पर बदसलूकी का भी आरोप
बताया जा रहा है कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कुछ लोगों ने पुलिस के साथ भी बदसलूकी की. हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाला और इलाके में शांति बनाए रखने की कोशिश की. इसी बीच धामपुर विधायक अशोक कुमार राणा भी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.

दो आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी शोएब का कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर विपिन चौहान से विवाद हो गया था. इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर कुछ लोगों के साथ मिलकर घर में तोड़फोड़ की. पुलिस ने शोएब और सत्तार नाम के दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.

अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
इस मामले में अभय प्रताप पांडे ने कहा कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *