Breaking News
बेटी बहुत मारती है साहब… 76 साल की महिला पहुंची डीएम के पास, जानिए पूरा मामला

कानपुर समाचार: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर से एक अलग तरह का पारिवारिक मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग मां अपनी ही बेटी से परेशान होकर प्रशासन के पास पहुंची. आमतौर पर बुजुर्ग माता-पिता को उनके बेटे या बहू द्वारा प्रताड़ित किए जाने की खबरें आती रहती हैं, लेकिन इस मामले में स्थिति उलट है। 76 साल की एक महिला ने जिलाधिकारी के पास पहुंचकर अपनी ही बेटी के खिलाफ शिकायत की, जिसके बाद प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया.

बेटी ने लगाया दुव्र्यवहार और घर से निकालने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, तहसील सदर के गांव दूल निवासी सरस्वती 9 अप्रैल को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के सामने पहुंचीं. उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उनकी बेटी प्रेमशांति उनके साथ आए दिन गलत व्यवहार करती है. उन्होंने बताया कि घर में आए दिन विवाद होता रहता है और हाल ही में उनकी बेटी ने उन्हें घर से बाहर निकाल दिया है. ऐसे में उन्होंने प्रशासन से मदद मांगी और अपनी बेटी से घर खाली कराने की मांग की.

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच की
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के आदेश दिये. इसके बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व उप जिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह राजस्व व पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। इस मौके पर नायब तहसीलदार सचेंडी, थानाध्यक्ष, ग्राम प्रधान और गांव के कई लोग भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पूरे मामले की जानकारी ली.

दोनों पक्षों ने अपनी बात रखी
ग्रामीणों से बातचीत में पता चला कि मां-बेटी के बीच काफी समय से तनाव चल रहा था। वृद्धा ने कहा कि वह शांतिपूर्ण जीवन चाहती है, लेकिन घर में विवाद खत्म नहीं हो रहे हैं. वहीं बेटी प्रेमशांति ने बताया कि ससुराल में प्रताड़ना के कारण वह अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही है. उन्होंने मारपीट के आरोपों से इनकार किया और कहा कि वह अपनी बेटी की शादी के बाद अपने ससुराल लौट आएंगी.

बातचीत से मामला सुलझा
गांव के लोगों और अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की गई। लंबी चर्चा के बाद मामला सुलझ गया और एक अस्थायी समझौता हुआ. उप जिलाधिकारी अनुभव सिंह ने मां-बेटी के बीच सुलह कराई। साथ ही क्षेत्रीय लेखपाल व चौकी प्रभारी को निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *