Breaking News
मां ने पहले अपने दोनों बेटों को कुएं में धकेला, फिर 15 दिन के नवजात को सीने से लगाकर कूद गई, तीनों की मौत

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. सनावद थाना क्षेत्र में एक मां ने अपने ही तीन मासूम बच्चों की हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि महिला ने अपने दो छोटे बेटों और 15 दिन के नवजात शिशु को कुएं में फेंक दिया. इसके बाद वह खुद भी कुएं में कूद गयी. लेकिन हैरानी की बात ये थी कि महिला तो किसी तरह बाहर निकल आई, जबकि उसके तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और गुस्से का माहौल है.

तीनों बच्चों को खेत के पास एक कुएं में फेंक दिया
यह दिल दहला देने वाली घटना सनावद थाना क्षेत्र के ग्राम मालगांव और भोमवाड़ा के बीच एक खेत में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी महिला का नाम नानी बाई बताया जा रहा है. उसने सबसे पहले अपने दो साल के बेटे अर्जुन और चार साल के बेटे करण को खेत में बने कुएं में फेंक दिया. इसके बाद वह अपने 15 दिन के नवजात शिशु को सीने से लगाकर खुद भी उसी कुएं में कूद गई. घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

महिला तो बच गई, लेकिन बच्चों की मौत हो गई
पुलिस के मुताबिक महिला नानी बाई तैरना जानती थी। जब वह कुएं में गिरी तो रस्सी और सीढ़ी की मदद से किसी तरह बाहर निकली। लेकिन उसके तीन मासूम बच्चे पानी में डूब गये और तड़प-तड़प कर मर गये. सूचना मिलने पर सनावद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

पति ने बताया- कोई झगड़ा नहीं हुआ था
महिला का पति कालू अपने परिवार के साथ खंडवा जिले के पीपलूद से मजदूरी करने खरगोन आया था। वे गेहूं की कटाई कर रहे थे और खेतों के पास एक अस्थायी झोपड़ी में रह रहे थे। कालू ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब 7 बजे वह काम पर गया था। उस वक्त उनका अपनी पत्नी से किसी भी तरह का कोई झगड़ा या विवाद नहीं था. इसलिए ये घटना और भी रहस्यमय हो गई है.

जांच में जुटी पुलिस, अभी भी हैं कई सवाल
खरगोन के पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल ये है कि एक मां ने अपने ही बच्चों के साथ इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या महिला मानसिक तनाव में थी या गरीबी, पारिवारिक दबाव या किसी अन्य कारण ने उसे ऐसा करने पर मजबूर किया। पुलिस आसपास के मजदूरों और परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस तिहरे हत्याकांड के पीछे की असली वजह सामने आ सके.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *