यूपी में लगातार आईएएस-पीसीएस अफसरों के इस्तीफे: बढ़ रहा असंतोष या सिस्टम पर बढ़ रहा दबाव?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इन दिनों प्रशासनिक सेवाओं को लेकर नई बहस छिड़ गई है. लगातार आईएएस और पीसीएस अफसरों के इस्तीफों ने सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. हाल ही में आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह के इस्तीफे के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है. इससे पहले पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने भी अपना पद छोड़ा था. इन घटनाओं ने प्रशासनिक सेवा में बढ़ते असंतोष की ओर इशारा किया है.
बढ़ते इस्तीफे और असंतोष का कारण
लगातार हो रहे इस्तीफों से यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या प्रशासनिक सेवा का आकर्षण कम हो रहा है या अधिकारियों पर काम का दबाव बढ़ रहा है. कई अधिकारी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ले रहे हैं, जिससे पता चलता है कि सिस्टम के भीतर कुछ चुनौतियां मौजूद हैं। अधिकारियों के बीच काम का बोझ, जिम्मेदारियां और निजी कारण भी इसकी वजह माने जा रहे हैं.
वीआरएस लेने वाले आईएएस अफसरों की लंबी फेहरिस्त
यूपी में वीआरएस लेने वाले आईएएस अफसरों की लिस्ट भी लंबी होती जा रही है। इसमें राजीव अग्रवाल, मोहम्मद मुस्तफा, आमोद कुमार, रेणुका कुमार, जुथिका पाटणकर, विकास गोठलवाल, विद्या भूषण, रिगजिन सैम्फेल, राकेश वर्मा, रवींद्र पाल सिंह, अभिषेक सिंह और अनामिका सिंह जैसे नाम शामिल हैं. यह सूची प्रशासनिक हलकों में चिंता का विषय बन गयी है.
सिस्टम और भविष्य पर उठाए सवाल
एक के बाद एक इस्तीफों ने इस बात पर बहस तेज कर दी है कि क्या प्रशासनिक सेवा में काम का माहौल बदल रहा है. कई विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते दबाव और जिम्मेदारियां अधिकारियों को यह कदम उठाने पर मजबूर कर रही हैं. वहीं कुछ लोग इसे निजी कारणों से भी जोड़ रहे हैं.
आगे क्या होगा?
लगातार हो रहे इस्तीफों के बीच अब देखना यह होगा कि सरकार इस मुद्दे पर क्या कार्रवाई करती है. अगर हालात ऐसे ही रहे तो इसका असर प्रशासनिक ढांचे पर पड़ सकता है.
(रिपोर्ट: संदीप शुक्ला, लखनऊ)
