Breaking News
लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में भारी भीड़ जुटी, 50 हजार से ज्यादा लोगों ने नमाज अदा की.

लखनऊ में इस बार ईद-उल-फितर का त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाया गया. शहर के ऐशबाग ईदगाह में सुबह 10 बजे ईद की नमाज शुरू हुई, जिसमें 50 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए. नमाज के दौरान ईदगाह पूरी तरह भर गया और आसपास के गलियारों में भी लोगों की भीड़ देखी गयी. नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रशासन हाई अलर्ट पर
ईद के मौके पर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे. पूरे इलाके में पुलिस का सख्त पहरा था और सड़कों पर भी जवान तैनात थे. प्रशासन ने लखनऊ में हाई अलर्ट घोषित कर दिया था, ताकि किसी तरह की कोई अव्यवस्था न हो. नमाज के दौरान और उसके बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट दिखी।

बड़े नेताओं की मौजूदगी रही खास
इस मौके पर कई बड़े नेता भी ऐशबाग ईदगाह पहुंचे. नमाज के दौरान समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव, बीजेपी के राज्यसभा सांसद और पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और वरिष्ठ बीजेपी नेता रीता बहुगुणा जोशी भी मौजूद रहीं. सभी नेताओं ने लोगों को ईद की बधाई दी.

नेताओं ने एकता और शांति का संदेश दिया
अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ दिन पहले हमने होली पर गले मिलकर त्योहार मनाया था और अब ईद पर भी हम उसी तरह मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि ये हमारी हिंदुस्तानियत है. उन्होंने दुनिया में शांति और चल रहे युद्ध जैसे हालात के खत्म होने की भी कामना की. वहीं, अजय राय और दिनेश शर्मा ने भी एक-दूसरे का नाम लेकर लोगों को ईद की बधाई दी और भाईचारे का संदेश दिया. दिनेश शर्मा ने ऐशबाग ईदगाह और ऐशबाग रामलीला मैदान के बारे में भी जानकारी साझा की.

नमाज के बाद भाईचारे का संदेश गूंजा
नमाज के बाद ईदगाह में खुशी का माहौल देखा गया. लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाया और मिठाइयां खिलाकर त्योहार की खुशियां बांटीं। पूरे शहर में शांति और प्रेम का संदेश फैलता नजर आया.

प्रशासन की विशेष व्यवस्था सफल
ईद के मौके पर प्रशासन की ओर से किये गये विशेष इंतजाम सफल रहे. भारी भीड़ के बावजूद कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और लोगों ने मिलकर त्योहार का लुत्फ उठाया.

(रिपोर्ट: संदीप शुक्ला, लखनऊ)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *