लखनऊ में पुलिस मुठभेड़ में इनामी अपराधी घायल, साथी फरार, हथियार और चोरी का सामान बरामद

लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में शुक्रवार सुबह पुलिस और इनामी बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया. घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस, सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है. यह अपराधी फरवरी 2026 में हुई चोरी की तीन घटनाओं में शामिल था और उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया था.
चोरी की तीन घटनाओं में शामिल था
पुलिस के मुताबिक, फरवरी 2026 में कृष्णानगर इलाके में तीन घरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं. इन घटनाओं के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी. इस मामले में शिवम नाम के एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि विपिन और कुलदीप यादव फरार थे.
विपिन 25 हजार रुपये का इनामी अपराधी निकला.
मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान उन्नाव जिले के मौरावां थाना क्षेत्र निवासी विपिन के रूप में हुई है. अमित कुमार आनंद (पुलिस उपायुक्त दक्षिणी) के मुताबिक, विपिन पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ चोरी, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं.
चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
शुक्रवार तड़के कृष्णानगर पुलिस डूडा कॉलोनी, मानस नगर रोड स्थित आशाराम बापू आश्रम के पास चेकिंग कर रही थी। तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस को देख दोनों भागने लगे. पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह गिर गया और पकड़ा गया. जबकि उसका साथी कुलदीप यादव मौके का फायदा उठाकर भाग निकला. बताया जा रहा है कि कुलदीप लखनऊ के चिनहट इलाके का रहने वाला है।
हथियार और चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने मौके से 315 बोर का पिस्तौल, कारतूस, खोखा, सोने की चेन और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए.
फरार आरोपियों की तलाश जारी है
पुलिस अब फरार आरोपी कुलदीप यादव की तलाश में जुटी है. उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
(रिपोर्ट: संदीप शुक्ला, लखनऊ)
