वाराणसी कॉलेज में दिनदहाड़े फायरिंग: क्लासरूम में छात्र की हत्या, आरोपी फरार

उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल है. यहां उदय प्रताप कॉलेज में एक छात्र को क्लासरूम में घुसकर गोली मार दी गई. घटना उस वक्त हुई जब क्लास चल रही थी. अचानक हुए इस हमले से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र इधर-उधर भागने लगे. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.
घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई
जानकारी के मुताबिक, बीए द्वितीय वर्ष के छात्र सूर्य प्रताप सिंह को निशाना बनाकर गोली मारी गई. गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। साथी छात्र और कॉलेज प्रशासन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उनकी मौत हो गई. इस खबर से कॉलेज और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
आरोपी पिस्तौल छोड़कर मौके से भाग गया
घटना के बाद आरोपी पिस्तौल मौके पर ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने पिस्तौल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
कॉलेज परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गयी
घटना के बाद कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बन गया. हालात को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे कॉलेज को खाली करा लिया और छात्रों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
जांच जारी, कारणों की तलाश
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हमले के पीछे क्या वजह थी. पुलिस छात्रों, शिक्षकों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
(रिपोर्ट: संदीप शुक्ला)
