वृन्दावन में बड़ा हादसा…यमुना में स्टीमर पलटा, 10 की मौत, 15 को बचाया गया, पीएम मोदी ने जताया दुख

मथुरा समाचार: मथुरा जिले के वृन्दावन में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. केशी घाट के पास यमुना नदी में करीब 33 श्रद्धालुओं को ले जा रहा एक स्टीमर पलट गया. इस हादसे में डूबने से अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है. आठ लोग अभी भी लापता बताये जा रहे हैं. सभी श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना से बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने आए थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस और गोताखोरों की टीम तुरंत बचाव कार्य में जुट गई.

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, कई लोग अस्पताल में भर्ती
बचाव दल ने अब तक कुल 25 लोगों को यमुना नदी से बाहर निकाला है. इनमें से 15 लोगों की हालत ठीक बताई जा रही है, जबकि 10 लोगों की मौत हो गई है. बचाए गए कुछ श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. बाकी 8 लापता लोगों की तलाश जारी है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, 10 शव नदी से निकाले जा चुके हैं.

मौके पर भारी भीड़, प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद केशी घाट पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी. स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है. हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं. इस घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है.

डीएम ने बताई हादसे की वजह
मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को लुधियाना से करीब 32 श्रद्धालु वृन्दावन दर्शन के लिए आये थे. दर्शन के बाद सभी लोग यमुना नदी में स्टीमर की सवारी कर रहे थे। तभी केशी घाट के पास स्टीमर अचानक पलट गया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया.

पीएम मोदी ने जताया दुख, NDRF-SDRF भी जुटे
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्टीमर पोंटून पुल से टकराने के बाद पलट गया, जिसके बाद यह हादसा हुआ.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *