संग्रामपुर थाना समाधान दिवस में आईं 8 शिकायतें, अवैध कब्जे पर शुरू हुई सख्त कार्रवाई

अमेठी जिले के संग्रामपुर थाने में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां लोगों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान कुल 8 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों में अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है. इस दौरान भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया. एक मामले में ग्राम सभा की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है.

समाधान दिवस में सुनी गईं शिकायतें
संग्रामपुर थाने में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार नेहा राजवंशी ने की. इस दौरान थाना प्रभारी संजय सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। कुल 8 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2 मामलों का तत्काल निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में जांच के आदेश दिये गये.

जमीन विवाद मुख्य मुद्दा बना
समाधान दिवस में अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। खासकर मधुपुर खदरी गांव का एक मामला चर्चा में रहा. यहां ग्राम सभा की जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत सामने आई, जिससे प्रशासन भी सतर्क हो गया.

अवैध कब्जे पर प्रशासन की कार्रवाई
राजस्व विभाग के मुताबिक, गांव के रहने वाले त्रिलोकी सिंह ने शिकायत की थी कि वर्तमान प्रधान अंशू माला के पति रवि कौशल तालाब की जमीन पर कब्जा कर निर्माण करा रहे हैं. जांच के दौरान यह शिकायत सही पाई गई। इसके बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य रोकने के लिए चेतावनी नोटिस भी जारी किया, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रुका.

मामला दर्ज, जांच जारी
नोटिस के बावजूद निर्माण जारी रहने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। शिकायतकर्ता की शिकायत और राजस्व विभाग की अनुशंसा के आधार पर रवि कौशल के खिलाफ धारा 2/3 के तहत मामला दर्ज किया गया है. अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

तीखी नोकझोंक के बाद अफसरों ने मामला संभाला
समाधान दिवस के दौरान प्रधान पक्ष और लेखाकार के बीच हल्की नोकझोंक हुई। हालांकि, अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत किया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
तहसीलदार ने साफ कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह भी कहा गया कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

(रिपोर्ट:बृजेश मिश्र,अमेठी)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *