सऊदी अरब में युवक की मौत, अयोध्या में परिजनों से मिले सपा नेता, शव भारत लाने का दिया आश्वासन

अयोध्या जिले के रुदौली विधानसभा क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां सऊदी अरब में काम करने वाले एक युवक की मौत हो गई. इस घटना से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है. मृतक युवक की पहचान सुरेंद्र लोधी के रूप में हुई है, जो ग्राम पर्सन पुरवा मौजा बारी का रहने वाला था. इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एहसान मोहम्मद अली उर्फ चौधरी शहरयार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया.
परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की
जानकारी के मुताबिक चौधरी शहरयार गांव पहुंचे और मृतक सुरेंद्र लोधी के परिवार से मुलाकात की. उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि इस कठिन समय में वह परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.
शव को भारत लाने की उठी मांग
इस दौरान परिजनों ने शव को सऊदी अरब से भारत लाने की मांग की. परिवार का कहना है कि अंतिम संस्कार उनके गांव में ही किया जाए. इस पर चौधरी शहरयार ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही संबंधित उच्च अधिकारियों से संपर्क करेंगे और शव को भारत लाने की प्रक्रिया में तेजी लाने का प्रयास करेंगे.
प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील
सपा नेता ने कहा कि परिवार की हालत बेहद दयनीय है और प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर उनकी मदद करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सरकारी सहायता बहुत जरूरी है, ताकि परिवार को कुछ राहत मिल सके.
हर वक्त मेरे साथ रहने का वादा किया
चौधरी शहरयार ने कहा कि वह परिवार का दर्द समझते हैं और आगे भी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे. उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान होने तक वह अपना प्रयास जारी रखेंगे।
स्थानीय लोग भी मौजूद थे
इस मौके पर विक्रम रावत, नाजिम अली, शकील अली, सुखराम यादव, शुएब खान और प्रमोद कौशल समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने परिवार को ढांढस बंधाया और सहयोग का आश्वासन दिया।
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
