सड़क हादसा:पीलीभीत हाईवे पर डंपर की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सितारगंज में पीलीभीत हाईवे पर सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भाग गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गुरुवार की शाम ग्राम गौरीखेड़ा निवासी मो. सुल्तान (24) पुत्र शरीफ अपने भतीजे मो. नाजिम (16) पुत्र शराफत हुसैन और भतीजा मो. सैफ (15), मो. शादाब (26) और मो. गुलफाम (20) पुत्र मो. वह यामीन के साथ सब्जी लेकर गाड़ी में यूपी के गांव मुंडालिया स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहा था।
तभी पीलीभीत हाईवे पर गांव मलपुरी स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे अज्ञात डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसका ठेला अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उप जिला चिकित्सालय सितारगंज में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने मो. सुल्तान, मो. नाजिम और मो. शादाब को मृत घोषित कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल मो. सैफ और मो. गुलफाम को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। सभी लोग घायलों की खबर लेने उपजिला अस्पताल पहुंचे. इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को अज्ञात डंपर चालक की गिरफ्तारी न होने तक शव रखकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है.
सूचना पर सीओ बीएस धोनी ने मौका मुआयना किया। उन्होंने अस्पताल में ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली. साथ ही परिवार को सांत्वना दी. उन्होंने बताया कि अज्ञात डंपर की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
