सिर पर सिलेंडर रखकर सपा महिला सभा का प्रदर्शन, महंगाई और गैस की कमी पर सरकार को घेरा

समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर समाजवादी पार्टी की महिला सभा ने गैस सिलेंडर की कमी और महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन का नेतृत्व महिला सभा की राज्य सचिव मनीषा ने किया. खास बात यह रही कि महिलाओं ने सिर पर गैस सिलेंडर रखकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया, जिससे यह प्रदर्शन लोगों का ध्यान खींचने में कामयाब रहा.
‘हम भूखे हैं, बच्चे भूखे हैं’-मनीषा
प्रदर्शन के दौरान मनीषा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा, “हम भूखे हैं, हमारे बच्चे भूखे हैं. हमने एक हफ्ते के लिए सिलेंडर बुक कराया है, लेकिन अब तक बुकिंग नहीं हो रही है.” उन्होंने बताया कि यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है.
लकड़ी से खाना बनाने की मजबूरी
मनीषा ने आगे कहा कि गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण लोग लकड़ी से खाना बनाने को मजबूर हैं. लेकिन अब लकड़ी भी आसानी से नहीं मिलती. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक लोग इसी तरह खाना बनाकर अपने परिवार का पेट भरेंगे.
सरकार पर तीखा हमला
प्रदर्शन के दौरान मनीषा ने नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “जिनके पास परिवार नहीं है, उन्हें आम लोगों की समस्याओं के बारे में क्या पता? हमें मध्यमवर्गीय परिवारों से पूछना चाहिए कि महंगाई क्या होती है.” इस बयान के बाद प्रदर्शन और भी चर्चा में आ गया.
महंगाई और गैस संकट पर बढ़ रहा गुस्सा
इस प्रदर्शन के जरिए सपा महिला सभा ने साफ किया कि गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती महंगाई आम जनता के लिए बड़ी समस्या बन गई है. महिलाओं ने सरकार से जल्द समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
