फ़तेहपुर सीएमओ कार्यालय में हंगामा, टेंडर के नाम पर पैसे लेने के आरोप का वीडियो वायरल

फ़तेहपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में उस समय हंगामा मच गया जब एक युवक अपने साथियों के साथ पहुंचा और टेंडर दिलाने के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है. वीडियो में युवक सीएमओ के सामने हंगामा करते हुए पैसे वापस मांगता नजर आ रहा है. मामले को लेकर अधिकारियों की चुप्पी अब सवाल खड़े कर रही है.
टेंडर के नाम पर पैसे लेने का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक एक युवक ने आरोप लगाया कि सीएमओ कार्यालय में टेंडर दिलाने के नाम पर उससे पैसे लिये गये. इससे नाराज होकर वह अपने चार-पांच साथियों के साथ कार्यालय पहुंचा और वहां जमकर हंगामा किया. युवक सीएमओ के सामने ही गाली-गलौज करने लगा और अपने रुपये वापस मांगने लगा।
वीडियो में पूरी घटना दिखाई गई है
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक सीएमओ के सामने जोर-जोर से चिल्ला रहा है और गाली-गलौज कर रहा है. इस दौरान मौके पर सीएमओ राजीव नयन गिरि भी मौजूद नजर आ रहे हैं. वीडियो में सीएमओ युवक से कहते सुनाई दे रहे हैं कि ‘अंकित’ से मिल लो, तुम्हारा काम हो जाएगा।
संविदा कर्मियों पर भी उठे सवाल
हंगामे के दौरान युवकों ने संविदा कर्मी अंकित से मिलने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से भाग गया। इस घटना के बाद यह भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं और इसमें किन लोगों की भूमिका है.
अधिकारियों की चुप्पी से बढ़े सवाल
घटना के बाद जब मीडिया ने सीएमओ से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया. अन्य अधिकारियों से भी बात करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई भी कैमरे के सामने कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुआ. इससे पूरे मामले पर संदेह गहरा गया है.
जांच की जरूरत, पारदर्शिता पर सवाल
कुल मिलाकर यह मामला सरकारी दफ्तरों में पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठाता है. वायरल वीडियो के बाद अब यह जरूरी हो गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और सच्चाई सामने आये, ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके.
(रिपोर्ट:देवेंद्र सिंह,फतेहपुर)

