कौशांबी में विकास कार्यों की समीक्षा, डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार

कौशांबी जिले में विकास कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निकायों और डूडा के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य तय समय सीमा के अंदर पूरे होने चाहिए. बैठक में कई योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गयी और जहां काम अधूरा पाया गया, उस पर नाराजगी भी व्यक्त की गयी. जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
लंबित कार्यों पर नाराजगी जताई
कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री शहरी सृजन योजना के तहत चल रहे कार्यों का जायजा लिया. नगर पालिका परिषद भरवारी में निर्माण कार्य लंबित पाए जाने पर उन्होंने अधिशाषी अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और अगली बैठक तक सभी कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही दारानगर व चरवा के अधिकारियों को भी लंबित कार्य जल्द पूरा करने को कहा। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर को इन कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये।
शिक्षा एवं स्वच्छता कार्यों पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में चहारदीवारी, शौचालय, टाइल्स लगवाने जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करायें। इसके अलावा नगर निकायों में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किये जाएं।
पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में पश्चिमशरीरा, चायल और दारानगर की पेयजल परियोजनाओं की स्थिति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम शरीरा में पेयजल परियोजना का काम 31 अगस्त 2026 तक पूरा हो जाएगा। चायल में यह काम इसी माह पूरा होने की संभावना है, जबकि दारानगर में 20 जून तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना पर भी निर्देश
डूडा के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का काम पूरा हो चुका है, उन्हें जल्द से जल्द हैंडओवर किया जाए। साथ ही अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को भी कहा।
(रिपोर्ट: राम किशन, कौशांबी)
