कौशांबी में चलती डंपर में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान.

कौशांबी जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सड़क पर दौड़ रहे कूड़ा लदे डंपर में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में डंपर जलने लगा. घटना को देख आसपास के लोग डर गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. राहत की बात यह रही कि डंपर चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। आग लगने के कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर लंबा जाम लग गया.
हादसा रामपुर धमावा पुल के पास हुआ
यह घटना पइंसा थाना क्षेत्र के रामपुर धमावा पुल के पास की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक कूड़े से लदा एक डंपर सड़क पर जा रहा था तभी अचानक उसमें आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे डंपर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति को समझते हुए ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
आग लगने से मची अफरा-तफरी, यातायात प्रभावित
डंपर में आग लगते ही वहां मौजूद लोगों में डर और दहशत फैल गई. लोग सुरक्षित दूरी पर चले गए और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात रुक गया। आग लगने से दूर-दूर तक धुआं फैल गया, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हुई।
फायर टीम ने मोर्चा संभाला
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी. मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई. आग आसपास के इलाके में न फैल सके और कोई बड़ा नुकसान न हो इसके लिए रेस्क्यू टीम लगातार जुटी रही.
आग लगने के कारणों की जांच जारी है
फिलहाल आग लगने का सही कारण पता नहीं चल पाया है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक यह हादसा तकनीकी खराबी या अत्यधिक गर्मी के कारण हुआ हो सकता है. पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.
(रिपोर्ट: राम किशन, कौशांबी)
