यूपी में आंधी-बारिश: 18 की मौत, कई जिलों में तबाही, बिजली व्यवस्था ठप

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई. उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दीवार गिरने, पेड़ टूटने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं में कुल 18 लोगों की मौत हो गई. सबसे ज्यादा असर अवध क्षेत्र में देखने को मिला, जहां 13 लोगों की जान चली गई. कई जगहों पर लोग घायल भी हुए हैं. तेज हवाओं और बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया. प्रशासन और राहत टीमें स्थिति को संभालने में जुटी हुई हैं.

सर्वाधिक नुकसान अवध क्षेत्र में
आंधी और बारिश का सबसे ज्यादा असर अवध क्षेत्र में देखने को मिला. सुल्तानपुर में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि अमेठी और अयोध्या में 3-3 लोगों की मौत हो गई. पूर्वांचल के जिलों में 5 लोगों की मौत की भी खबर है. इस दौरान कई लोग घायल भी हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

लखनऊ में बिजली और यातायात प्रभावित
तेज आंधी और बारिश के कारण राजधानी लखनऊ में बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई. 100 से ज्यादा बिजली के खंभे गिर गये और कई जगहों पर तार टूट गये. पेड़ गिरने से सड़कों पर यातायात बाधित हो गया. उत्तर और पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं. लखनऊ के अलावा अमेठी,रायबरेली,सीतापुर में भी तेज बारिश के साथ ओले गिरे।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक यह बदलाव मध्य क्षोभमंडल में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण हुआ है, जो उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय है। अगले 24 घंटे तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है. कई जिलों में वज्रपात और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

तेज हवाओं और बारिश का असर
कई जिलों में तेज हवाएं और बारिश दर्ज की गई. वाराणसी में हवा की गति 109 किमी प्रति घंटा और अयोध्या में 87 किमी प्रति घंटा रही. गोरखपुर में 19.2 मिमी, प्रयागराज में 11.2 मिमी, वाराणसी में 9 मिमी और अमेठी और आज़मगढ़ में 5 मिमी वर्षा दर्ज की गई.

बांदा सबसे गर्म जिला रहा
इतनी बारिश के बावजूद बांदा सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, लखनऊ में पेड़ गिरने से 400 से ज्यादा गांवों और कस्बों में 3 से 7 घंटे तक बिजली गुल रही.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *