जय भीम के नारों से गूंजा जायस नगर, अंबेडकर जयंती पर निकाली गई भव्य शोभा यात्रा

अमेठी जिले के जायसनगर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस मौके पर शहर में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए. पूरे क्षेत्र में “जय भीम” और “जय संविधान” के नारों से माहौल गूंज उठा। जुलूस में विभिन्न झांकियों के माध्यम से बाबा साहब एवं अन्य महापुरुषों के जीवन एवं विचारों को दर्शाया गया। इस आयोजन में सभी वर्ग और समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी देखने को मिला.
भव्य झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा
जुलूस में दर्जनों वाहन सजाये गये थे, जिन पर डॉ. भीमराव अंबेडकर समेत अन्य महापुरुषों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गयी थीं. इन झाँकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और बाबा साहब के विचारों को लोगों तक पहुँचाने में मदद की। रास्ते भर लोग झांकियों को देखते रहे और कार्यक्रम की सराहना करते दिखे.
लोग नीले गमछे और नारे लगाते हुए निकले
जुलूस में शामिल सैकड़ों महिलाएं, पुरुष और बच्चे नीला गमछा पहने हुए थे और ”जय भीम” और ”जय संविधान” के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे. कई लोग नाचते-गाते हुए यात्रा में शामिल हुए, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया. यह नजारा पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा.
कचना मोहल्ले से शुरू होकर वहीं खत्म
यह भव्य जुलूस कचना मोहल्ले से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए उसी स्थान पर समाप्त हुआ. यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया, जिसके कारण कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.
इसमें सभी वर्गों की भागीदारी रही
इस जुलूस में बहुजन समाज के लोगों के साथ-साथ अन्य वर्ग और समुदाय के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. यह आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक बनकर उभरा।
जलपान की व्यवस्था एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे
जुलूस में शामिल लोगों के लिए लालजी निर्मल की ओर से जलपान की व्यवस्था की गयी थी. कार्यक्रम में हुबलाल सोनकर, भीम युवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेन्द्र भीम, राज महेश प्रताप सोनकर, राजवाड़ी पासी, लालता प्रसाद, महेश मौर्य और सुनील शर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
(रिपोर्ट:बृजेश मिश्र,अमेठी)
