राहुल गांधी का दो दिवसीय अमेठी-रायबरेली दौरा, दिशा सभा से लेकर जनता दर्शन तक कई कार्यक्रम

राहुल गांधी का अमेठी-रायबरेली संसदीय क्षेत्र का दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित है. इस दौरान वह कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और क्षेत्र के लोगों से मुलाकात भी करेंगे. प्राप्त कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी 12 मार्च को फुरसतगंज एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से वह सीधे रायबरेली जाएंगे. उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है और स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं.

दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे
रायबरेली पहुंचकर राहुल गांधी जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा की बैठक में शामिल होंगे. इस बैठक में क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जायेगी. इसके अलावा अधिकारियों के साथ बैठकर क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी. बैठक के दौरान विकास कार्यों की स्थिति और आगे की योजनाओं को लेकर चर्चा होने की संभावना है. बैठक के बाद राहुल गांधी का रात्रि विश्राम भुएमऊ में तय किया गया है.

जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनेंगे
दौरे के दूसरे दिन 13 मार्च की सुबह राहुल गांधी जनता दर्शन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इस दौरान वह क्षेत्र की जनता से सीधे मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे. आम जनता को अपनी बात सीधे विपक्ष के नेता तक पहुंचाने का मौका मिलेगा. इसके बाद राहुल गांधी तिलोई विधानसभा क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित नैना रिजॉर्ट पहुंचेंगे, जहां अमेठी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक करेंगे.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन पर चर्चा करेंगे
नैना रिजॉर्ट में होने वाली बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी. इसके अलावा क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा होगी. इस बैठक में अमेठी और रायबरेली के कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे.

पूर्व जिला अध्यक्ष के परिवार से मिलेंगे राहुल गांधी
अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी गौरीगंज भी जाएंगे. यहां वे कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष स्वर्गीय योगेन्द्र मिश्रा के आवास पर आयोजित तेरहवीं (श्रद्धांजलि) कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान वह शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे. इस कार्यक्रम में अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे. सभी कार्यक्रमों के बाद राहुल गांधी लखनऊ के लिए रवाना होंगे और वहां से दिल्ली लौटेंगे.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *