अमेठी में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

अमेठी जिले के मुसाफिरखाना इलाके में गुरुवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. पुलिस ने तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस के मुताबिक आरोपी रंगदारी मामले में काफी समय से वांछित था और उसकी तलाश की जा रही थी.
चेकिंग के दौरान मिली जानकारी
सरवनन टी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:45 बजे क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ इसौली रोड जखा शिवपुर के पास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि स्क्रैप कारोबारी रमन अग्रहरि से रंगदारी मांगने वाला आरोपी कहीं जाने की फिराक में है.
पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इसौली रोड पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक युवक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह कच्ची सड़क की ओर भागने लगा. भागते समय वह गिर गया और इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की.
जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगी
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया. घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है.
अभियुक्तों की पहचान एवं बरामद सामान
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम इस्लाम अहमद उर्फ सोनू उर्फ मच्छर (28) निवासी काशीराम कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, जिला गोंडा बताया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, एक चला हुआ कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है.
(रिपोर्ट:बृजेश मिश्र,अमेठी)
