Breaking News
अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, रामलला और हनुमानगढ़ी के करेंगे दर्शन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन और रामनवमी की तैयारियों का लेंगे जायजा.

योगी आदित्यनाथ बुधवार को अयोध्या पहुंचे. उनका हेलीकाप्टर राम कथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरा। मुख्यमंत्री के अयोध्या पहुंचते ही प्रशासन और जन प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया. इस दौरे के दौरान सीएम योगी का मुख्य उद्देश्य आगामी धार्मिक और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लेना है. खासकर रामनवमी के आयोजन और राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिख रहा है.

रामलला और हनुमानगढ़ी में पूजा करेंगे
अयोध्या पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी सबसे पहले राम मंदिर अयोध्या में विराजमान भगवान रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद वह हनुमानगढ़ी मंदिर जाएंगे और हनुमानजी के दर्शन करेंगे। ऐसा माना जाता है कि अयोध्या में किसी भी बड़े धार्मिक आयोजन से पहले हनुमानगढ़ी के दर्शन करना परंपरा का हिस्सा है।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर समीक्षा बैठक होगी
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक भी करेंगे. यह बैठक पीएफसी कन्वेंशन सेंटर में होगी. इस बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या आगमन को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी. बैठक में जिले के जन प्रतिनिधि एवं सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे.

रामनवमी की तैयारियों पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा
इस समीक्षा बैठक में न सिर्फ राष्ट्रपति के दौरे बल्कि आगामी रामनवमी के आयोजन की तैयारियों पर भी चर्चा होगी. रामनवमी के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के अयोध्या आने की संभावना है. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई और अन्य सुविधाओं को लेकर प्रशासन पहले से ही तैयारी कर रहा है.

राष्ट्रपति का 19 मार्च को प्रस्तावित दौरा
प्रशासन के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हिंदी नववर्ष के मौके पर 19 मार्च को अयोध्या पहुंच सकती हैं. उनके दौरे को लेकर शहर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. इसी वजह से तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी खुद अयोध्या आ रहे हैं ताकि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो सकें और कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सके.

(रिपोर्ट:अनूप कुमार, अयोध्या)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *