पहले चाकू से गोदा, फिर गोली मारकर किया अंजाम…मुजफ्फरनगर में युवक की खौफनाक हत्या.

उत्तर प्रदेश समाचार: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 27 साल के एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि युवक का एक शादीशुदा महिला से अफेयर था, जिसके चलते महिला के परिवार वालों ने उस पर हमला कर दिया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं परिवार में मातम छा गया है.
धारदार हथियार से हमला किया, फिर गोली मार दी
यह घटना भोपा थाना क्षेत्र के गांव शाहदरा बांगर की है. सोमवार की रात युवक अक्षय खेत से घर लौट रहा था, तभी गांव के ही मनोज, युवांक और वरद ने उसे घेर लिया. आरोप है कि पहले उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया और जब उसने भागने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे गोली मार दी. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गये.
प्रेम प्रसंग बना विवाद का कारण
मिली जानकारी के अनुसार मृतक अक्षय का गांव की एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग था. जब इस बात की जानकारी महिला के परिवार को हुई तो घर में तनाव बढ़ गया. बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी. तभी से महिला के घरवाले अक्षय से नाराज थे और उसे नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे थे.
परिजनों ने पूरी घटना बताई
मृतक के भाई ने बताया कि उसका भाई खेत से गन्ना लेकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में घेरकर उस पर हमला किया गया. पहले उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया और जब उसने जान बचाकर भागने की कोशिश की तो उसे गोली मार दी गई. परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए.
जांच में जुटी पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि यह मामला पारिवारिक विवाद और प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.
