कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की मौजूदगी में कृषि मेले का भव्य समापन, किसानों को दी गई योजनाओं की जानकारी

अयोध्या जिले के रुदौली क्षेत्र में मां कामाख्या धाम महोत्सव के अंतिम दिन आयोजित दो दिवसीय कृषि मेले का भव्य समापन हुआ। इस खास मौके पर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही पहुंचे और कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई. उनके आगमन से किसानों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल था. मेले के माध्यम से किसानों को कृषि से जुड़ी नई तकनीक, सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई. यह आयोजन किसानों के लिए सीखने और सरकार से जुड़ने का एक बड़ा मंच बन गया।
कृषि मंत्री का भव्य स्वागत एवं कार्यक्रम का शुभारम्भ
कृषि मंत्री के आगमन पर क्षेत्रीय विधायक रामचन्द्र यादव एवं महोत्सव ट्रस्ट के अध्यक्ष रविकांत तिवारी मोनू ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां कामाख्या की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई. इसके बाद मंत्री ने मंच से किसानों को संबोधित किया.
किसानों को दी गई योजनाओं की जानकारी
अपने संबोधन में मंत्री ने किसानों को सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि किसान आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज और सरकारी सब्सिडी का उचित उपयोग करके अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है.
पूर्व रजिस्ट्री पर दिया गया जोर
कृषि मंत्री ने विशेष रूप से किसान रजिस्ट्री कराने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि सभी किसानों को अपना पंजीकरण कराना चाहिए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की सरकार लगातार किसानों के हित में काम कर रही है.
किसानों को आधुनिक उपकरणों की सुविधा मिली
इस अवसर पर मंत्री ने कस्टम हायरिंग सेंटर से जुड़े लाभार्थी किसानों को चाबियां भी सौंपी। इससे किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण आसानी से मिल सकेंगे और उनकी लागत कम हो जायेगी. यह कदम खेती को आसान बनाने में मददगार साबित होगा.
मेले में तकनीक और समाधान की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं और नई तकनीकों की जानकारी भी दी. मेले में लगे स्टालों के माध्यम से किसानों को आधुनिक संसाधनों की जानकारी मिली और उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अयोध्या, चेयरमैन शीतला प्रसाद शुक्ला, भाजपा जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश यादव समेत कई अधिकारी और क्षेत्र के किसान मौजूद रहे.
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
