लखीमपुर खीरी हादसा: ट्रक-बाइक की भीषण टक्कर में डिलिवरी ब्वॉय की मौत, चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल

लखीमपुर खीरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. नीमगांव थाना क्षेत्र में सिकंदराबाद-भदूरा मार्ग पर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे तेज रफ्तार ट्रक और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में डिलीवरी ब्वॉय मुकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई आदेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई.

तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी
जानकारी के मुताबिक मुकेश कुमार बाइक से नीमगांव से मोहम्मदी रोड होते हुए सलिहाबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उनके साथ बैठे आदेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस और एंबुलेंस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही नीमगांव पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मुकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि आदेश कुमार की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मई में होनी थी शादी, परिवार में पसरा मातम
मृतक मुकेश कुमार की सगाई यंगपुर निवासी निरंजन लाल की पुत्री राजनंदनी से हुई थी. दोनों की शादी आगामी मई महीने में तय हुई थी. इस दर्दनाक हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया.

परिजनों ने पुलिस पर उठाए सवाल
मृतक के भाई अमित कुमार ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है. उनका आरोप है कि मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, लेकिन पुलिस ने करीब तीन घंटे तक पंचनामा नहीं भरा और शव को एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया।

पुलिस का बयान और जांच जारी है
इस मामले में थानाध्यक्ष प्रवीर कुमार गौतम ने बताया कि घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *