देहरादून समाचार: गैस सिलेंडर न मिलने पर हंगामा, गुस्साए लोगों ने शिमला बाईपास को एक घंटे तक जाम रखा
गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज लोगों ने देहरादून शिमला बाईपास पर जाम लगा दिया। एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। लोग गैस एजेंसी संचालक व आपूर्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
शिमला बाईपास नया गांव चौकी क्षेत्र में पहुंची लोगों की भीड़ को रोकना मुश्किल हो गया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुल सका।
कालाबाजारी रोकने के लिए क्यूआरटी ने एजेंसियों पर छापेमारी की
रसोई गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए क्यूआरटी ने बुधवार को जिले में कई जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान टीमों ने एलपीजी की मांग, आपूर्ति आदि गतिविधियां देखीं। इन टीमों ने स्वास्तिक गैस एजेंसी, वैली गैस एजेंसियों समेत कई एजेंसियों पर औचक निरीक्षण किया। एजेंसियों पर वर्तमान में उपलब्ध सिलेंडरों का स्टॉक तथा कितने सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, इसकी जानकारी ली गई। निर्देश दिए गए कि गैस वितरण में किसी भी हालत में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
दून पहुंचे 20 हजार सिलेंडर, 17 हजार उपभोक्ताओं को बांटे
बुधवार को जिले में 17355 अधिक घरेलू उपभोक्ताओं तथा 661 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। एलपीजी का 34786 घरेलू और 4080 व्यावसायिक स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का लोड लगातार बढ़ाया जा रहा है।
