अयोध्या में दिनदहाड़े लूट की कोशिश नाकाम, बुर्के में लड़की और उसका प्रेमी 2 घंटे के अंदर गिरफ्तार

अयोध्या के रुदौली इलाके में दिनदहाड़े ज्वैलर्स की दुकान में डकैती की सनसनीखेज कोशिश का मामला सामने आया है. तीन अप्रैल को कोठी बाजार स्थित एक सराफा दुकान पर एक लड़की ग्राहक बनकर पहुंची। आभूषण देखने के बहाने उसने दुकानदार को बातों में लगाया और अचानक पिस्तौल दिखाकर धमकाया। लड़की करीब 26 ग्राम सोने के आभूषण लेकर मौके से फरार हो गई. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 2 घंटे में ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया.
बुर्के की आड़ में रची गई थी साजिश
पुलिस जांच में पता चला कि यह पूरी घटना एक पूर्व नियोजित साजिश थी. लड़की ने अपनी पहचान छुपाने के लिए बुर्का पहना था. उसका प्रेमी पहले से ही दुकान के बाहर मोटरसाइकिल लेकर खड़ा था। जैसे ही युवती आभूषण लेकर बाहर आई तो दोनों तुरंत बाइक से भाग निकले।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम जानकारी
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए. फुटेज में पूरी घटना साफ दिख रही थी और सबसे खास बात यह थी कि बाइक का नंबर भी दर्ज हो गया था. इस सुराग के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 2 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार अभियुक्त एवं बरामद सामान
पुलिस ने बाबा बाजार निवासी पायल कोरी (21 वर्ष) और मवई निवासी राहुल कुमार (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से करीब 5 लाख रुपये के सोने के आभूषण, अपराध में इस्तेमाल बुर्का, प्लास्टिक पिस्तौल, मोबाइल फोन (ओप्पो और वीवो), पिट्ठू बैग और सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
खिलौना पिस्तौल से करते थे वारदातें
जांच में यह भी पता चला कि राहुल ने पहले ही बाजार से नकली पिस्टल और बुर्का खरीद लिया था. ये दोनों एक ही तरीके से लूट की योजना बनाते थे. लड़की दुकान पर जाकर गहने दिखाने को कहती थी और फिर दुकानदार को खिलौना पिस्तौल दिखाकर डरा देती थी और गहने लेकर भाग जाती थी.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला खुला
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
(रिपोर्ट:अनूप कुमार अयोध्या)
