टिहरी: घनसाली में गैस सिलेंडर के लिए आधी रात को एजेंसी के बाहर उमड़ी भीड़, अफरा-तफरी के बीच प्रशासन लौटा
देर रात अचानक टिहरी जिले के घनसाली स्थित इंडियन गैस एजेंसी के बाहर रसोई गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं। गैस की कमी की खबर फैलते ही लोग रात में ही सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया.
मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम घनसाली अलकेश नौडियाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर घर वापस भेजा और आश्वासन दिया कि घबराने की जरूरत नहीं है, जिन्होंने गैस बुक करायी है उन्हें ही पहले गैस मिलेगी.
सामाजिक कार्यकर्ता विनोद लाल ने बताया कि पांच दिनों से गैस की सप्लाई नहीं आयी है, जिससे लोगों में बेचैनी बढ़ गयी है. इस कारण उपभोक्ता रात से ही लाइन में खड़े होकर सुबह गैस गाड़ी आने का इंतजार करने लगे.
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि गलत सूचना के कारण लंबी कतारें लगी थीं। उन्होंने कहा कि केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर मिलेगा जिनकी बुकिंग पहले से हो चुकी है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में गैस वितरण रोस्टर के आधार पर किया जायेगा. प्रशासन की तत्परता से स्थिति पर समय रहते काबू पा लिया गया, लेकिन गैस की कमी ने एक बार फिर लोगों की परेशानी उजागर कर दी है.
