उत्तराखंड: 1.34 लाख बुजुर्ग महिलाओं को सरकारी सहायता की जरूरत; सर्वे में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े – उत्तराखंड में 1.34 लाख बुजुर्ग महिलाओं को सरकारी सहायता की जरूरत सर्वे में सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े
प्रदेश में बुजुर्ग महिलाओं की स्थिति को लेकर महिला अधिकारिता एवं बाल विकास विभाग की ओर से कराए गए सर्वे में चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य की एक लाख 34 हजार से ज्यादा बुजुर्ग महिलाओं को सरकार से विभिन्न प्रकार की सहायता की जरूरत है.
ग्रामीण और शहरी इलाकों में बुजुर्ग महिलाओं की मुख्य जरूरतों पर किए गए सर्वे में बताया गया है कि 4330 महिलाओं को उम्र के इस पड़ाव पर सुरक्षा की जरूरत है. जबकि सर्वाधिक 61258 महिलाओं को आर्थिक सहायता की जरूरत है।
इसके अलावा 27125 को पोषण, 11960 को भोजन, 23643 को स्वास्थ्य और 6474 को आवास की जरूरत है। महिला अधिकारिता एवं बाल विकास विभाग का कहना है कि सर्वे के आधार पर जरूरतमंद बुजुर्ग महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने और उन्हें सुरक्षा, स्वास्थ्य के लिए आवश्यक दवाएं, वित्तीय सहायता, पोषण और आवास उपलब्ध कराने का काम किया जाएगा. सरकार का मानना है कि इस सर्वे के जरिए बुजुर्ग महिलाओं की वास्तविक जरूरतों की पहचान की जाएगी और उन्हें बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी. जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
