प्रयागराज में बीच सड़क पर युवक की गोली मारकर हत्या, माफिया अशरफ का गनर बताया जा रहा है मृतक

प्रयागराज में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना करेली थाना क्षेत्र के गौस नगर की है, जहां हमलावरों ने बीच सड़क पर युवक को निशाना बनाया. गोली लगने के बाद युवक सड़क पर गिर गया और दर्द से छटपटाता रहा. मौके पर मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन अस्पताल पहुंचने में देरी के कारण उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान मोहम्मद इरफान के रूप में हुई है, जो माफिया अशरफ का गनर बताया जा रहा है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.
बीच सड़क पर चली गोली, मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना गौस नगर इलाके की है, जहां अचानक फायरिंग की आवाज से अफरा-तफरी मच गई. हमलावरों ने मोहम्मद इरफान के सीने में गोली मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोग तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े और उसे काबू करने की कोशिश की।
अस्पताल पहुंचने में हुई देरी, नहीं बचाई जा सकी जान
घटना के बाद घायल इरफान को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में काफी देरी हो गई. सड़क पर मौजूद लोग गाड़ियां रोककर मदद के लिए चिल्लाते नजर आए, लेकिन समय पर इलाज न मिलने के कारण उनकी मौत हो गई.
मृतक के आपराधिक एवं व्यापारिक संबंध
बताया जा रहा है कि मृतक मोहम्मद इरफान माफिया अशरफ का सुरक्षाकर्मी था. इसके अलावा वह प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करता था। शुरुआती जांच में पता चला है कि उनकी कुछ लोगों से पुरानी दुश्मनी और जमीन को लेकर विवाद था.
आसिफ दुर्रानी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है
इस मामले में परिजनों की शिकायत पर चकिया निवासी आसिफ दुर्रानी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद मुख्य कारण हो सकता है.
जांच में जुटी पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य और एडीसीपी राजकुमार मीणा मौके पर पहुंचे. पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि कई अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही इस मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है.
(रिपोर्ट: संदीप शुक्ला, लखनऊ)
