कौशांबी में खौफनाक वारदात, संपत्ति के लिए भतीजे ने मां के साथ मिलकर चाचा को मार डाला.

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां संपत्ति विवाद में रिश्तेदारों की हत्या कर दी गई। कोखराज थाना क्षेत्र के खोजवापुर गांव में एक भतीजे ने अपनी मां के साथ मिलकर अपने अविवाहित चाचा की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है.
घर के अंदर हत्या से हड़कंप मच गया
घटना खोजवापुर गांव की है, जहां दुलारे के 55 वर्षीय बेटे अमरनाथ पटेल की उनके ही घर में हत्या कर दी गई. अमरनाथ अविवाहित थे और अपने परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि उसके भतीजे सूरजबली और उसकी मां धनपत ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया. हत्या के बाद गांव में दहशत फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.
कुल्हाड़ी से हमला, अवैध संबंध का भी शक
जानकारी के मुताबिक, आरोपी भतीजे ने अपने चाचा पर कुल्हाड़ी से कई वार किए. यहां तक कि मृतक के शरीर के संवेदनशील हिस्सों पर भी हमला किया गया. इससे पुलिस अवैध संबंध की भी आशंका जता रही है, हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
संपत्ति विवाद बना हत्या का कारण
बताया जा रहा है कि आरोपी भतीजा अपने चाचा की करीब 14 बिस्वा जमीन को लेकर काफी समय से विवाद कर रहा था. इसी जमीन को लेकर वह उन्हें परेशान करता था। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि इस हत्या की मुख्य वजह संपत्ति हो सकती है.
आरोपी ने कबूला जुर्म, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना के बाद आरोपी भतीजे ने ग्रामीणों और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी भतीजे और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया. थाने में दोनों से पूछताछ की जा रही है.
एसपी ने दी जानकारी, जांच जारी
इस मामले में पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि कोखराज थाना क्षेत्र में एक अविवाहित व्यक्ति की उसके भतीजे ने हत्या कर दी है. सभी लोग एक ही घर में रहते थे और संपत्ति विवाद की बात सामने आ रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
(रिपोर्ट: राम किशन, कौशांबी)
