रात के सन्नाटे में श्मशान घाट पहुंचा युवक, जलती चिता पर लेटकर कर ली आत्महत्या…लोग बोले- तंत्र-मंत्र का मामला

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है. सिहोरा के खितौला इलाके में 27 साल के एक युवक ने आत्महत्या का ऐसा तरीका अपनाया कि हर कोई इसे सुनकर हैरान है। युवक ने आधी रात को श्मशान में जलती चिता पर लेटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक घटना से गांव में दहशत और मातम का माहौल है. पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
शाम को हुआ अंतिम संस्कार, रात में बढ़ा रहस्य
जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे हिरन नदी के किनारे स्थित श्मशान घाट पर एक ग्रामीण का अंतिम संस्कार किया गया. परंपरा के अनुसार दाह संस्कार के बाद परिवार के लोग घर लौट आए और चिता धीरे-धीरे जलती रही। रात के सन्नाटे में यह चिता एक दर्दनाक घटना का कारण बन गई, जब एक युवक ने इसी स्थान पर अपनी जान दे दी।
गुमशुदा जवानी और सुबह सामने आई सच्चाई
मृतक की पहचान 27 वर्षीय सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक शनिवार रात करीब तीन बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। जब वह सुबह तक नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई. रविवार सुबह 6 बजे परिजनों ने खितौला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
श्मशान घाट पर मिला खौफनाक मंजर
सुबह करीब 7 बजे जब अंतिम संस्कार कर रहे परिजन अस्थियां लेने श्मशान घाट पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। जलती राख के ऊपर दूसरे युवक का अधजला शव पड़ा था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी रमन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक रात 3 बजे से सुबह 7 बजे के बीच वहां कैसे पहुंचा और उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। मानसिक तनाव, अवसाद और अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। वहीं, कुछ लोग इसे अंधविश्वास या तांत्रिक क्रियाओं से भी जोड़ रहे हैं. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत का पूरा सच सामने आ सके.
