प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए उत्तराखंड तैयार है. आज मंगलवार को प्रधानमंत्री 11,963 करोड़ रुपये से बने दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर को जनता को समर्पित करेंगे और उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली को इसकी सौगात देंगे. पहली बार वह राजधानी दून में 12 किमी लंबा रोड शो करेंगे और फिर गढ़ी कैंट स्थित मैदान से जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा रहेगी और बड़े पैमाने पर वाहनों के रूट डायवर्ट किए जाएंगे.
पीएम मोदी मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहां से हेलीकॉप्टर से वे सुबह 10:50 बजे सहारनपुर के गणेशपुर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे. 11:10 बजे एलिवेटेड कॉरिडोर का व्यू प्वाइंट देखेंगे. यहां उनका पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा. सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे. इसके बाद पीएम मोदी कार से एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर से होते हुए सुबह 11:35 बजे मां डाट काली मंदिर पहुंचेंगे. उनके साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एक्सप्रेस-वे से गणेशपुर पहुंच सकते हैं।
पीएम मोदी करीब 10 मिनट तक डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनका स्वागत करेंगे. दोपहर करीब 12 बजे डाट काली मंदिर से शहीद जसवन्त सिंह मैदान तक रोड शो करेंगे. इस दौरान जगह-जगह बीजेपी कार्यकर्ता पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करेंगे.
देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे: सफर होगा सुहाना, लेकिन वाहन धीरे चलाएं; इन बातों का अवश्य ध्यान रखें
पीएम मोदी 12:30 बजे जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे. वहां से वह दून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे को जनता को समर्पित करेंगे और मैदान से ही जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन का गणेशपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। पीएम मोदी उत्तराखंड को दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर समेत कई जल विद्युत परियोजनाओं और अन्य योजनाओं की सौगात देंगे. पीएम दोपहर करीब 1:30 बजे कार्यक्रम स्थल से कैंट स्थित जीटीसी हेलीपैड पहुंचेंगे. दोपहर 1:40 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां से दोपहर 1:50 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।